उत्तर प्रदेशमेरठ

योगी सरकार में उत्तर प्रदेश बन रहा उत्तम प्रदेश : संगीत सोम

मेरठ। सरधना विधायक संगीत सोम ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से उत्तम प्रदेश बन रहा है। समाज के अंतिम पंक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में देश और उप्र प्रगति पथ पर अग्रसर है।

दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग एवं जिला प्रशासन के सहयोग से शुक्रवार को सरधना खंड विकास अधिकारी कार्यालय में कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि सरधना विधायक संगीत सोम ने दिव्यांगों को सहायक उपकरण वितरित किए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन अपने आपको अकेला न समझे। सरकार उनके साथ हर कदम पर खड़ी है। सहायक उपकरण पाकर दिव्यांगाें के चेहरे खिल गए। उन्होंने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर 85 सहायक व कृत्रिम उपकरणों का वितरण किया गया। विधायक ने कहा कि सरकार द्वारा दिव्यांगों के हित में विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है। सहायक उपकरणों से दिव्यांगों को अपने सामान्य कार्य करने में सहायता प्राप्त होगी। केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं व कार्यक्रम संचालित किए गए हैं, जिसका सीधा लाभ पात्रों तक पहुंचाया जा रहा है। वे योजनाओं का लाभ लेकर अपना सामाजिक व आर्थिक उत्थान करें। उत्तर प्रदेश योगी सरकार के कार्यकाल में उत्तम प्रदेश बनने की राह पर चल पड़ा है। उत्तर प्रदेश विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रथम स्थान पर है। सहायक उपकरण वितरण शिविर में सरधना, दौराला व मवाना के चिन्हित 85 विभिन्न श्रेणी के दिव्यांगों को कृत्रिम व सहायक उपकरण का निःशुल्क वितरण किया गया।

जिसमें ट्राईसाईकिल-23, फोल्डिंग व्हील चेयर-02, बैसाखी-18 जोडी और 42 कान की मशीन प्रदान की गयी। सरधना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पिछले 04 वर्षों में 2490 दिव्यांगों को दिव्यांग भरण-पोषण अनुदान (दिव्यांग पेंशन), शादी विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के अन्तर्गत 02 दिव्यांग दंपत्ति को 50 हजार रुपए की धनराशि, दुकान निर्माण/संचालन योजना के अन्तर्गत 10 दिव्यांगों को 01 लाख रुपए की धनराशि एवं 467 दिव्यांगों को निःशुल्क कृत्रिम एवं सहायक उपकरण वितरित किए गए।

Related Articles

Back to top button