उत्तर प्रदेशचित्रकूट

भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में लिया गया हर संकल्प होता है पूर्ण : जगदगुरू रामभद्राचार्य

चित्रकूट। मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम की संकल्प भूमि चित्रकूट की पावन धरा पर श्रीतुलसीपीठाधीश्वर जगदगुरू स्वामी रामभद्राचार्य महाराज द्वारा आयोजित तीन दिवसीय हिन्दू एकता महाकुंभ का मंगलवार को भव्य कलश यात्रा के साथ आगाज हो गया। मंदाकिनी के रामघाट तट से सातों अखाड़ों के निशानों के साथ हजारों साधू-संतों, महिलाओं एवं बच्चों द्वारा निकाली गई कलश यात्रा में ’चाहे पंथ अनेक हों-हम सब हिंदू एक हों और जय श्रीराम के नारों की गूंज रहीं। देश के हिन्दुओं को एकजुट करने केे उददेश्य से जगदगुरू स्वामी रामभद्राचार्य महाराज द्वारा भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में आयोजित तीन दिवसीय हिन्दू एकता महाकुंभ की मंगलवार को भव्य कलश यात्रा से शुरूआत हो गई।

माता सती अनुसुईया के तपोबल से निकली पतित पावनी मां मंदाकिनी नदी के पावन रामघाट तट से दिव्य व भव्य झांकियों के साथ हजारों साधू-संत एवं 11 सौ महिलाएं कलश लेकर निकली तो यात्रा में जगदगुरू समेत भारत माता व शंकराचार्य की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र है। महिलाएं एवं युवाओं ने ’चाहे पंथ अनेक हो, हम सब हिन्दू एक हो और जय श्री राम के जमकर नारे लगाये। लोक कलाकार यात्रा में दीवारी नृत्य करते चल रहे हैं और यात्रा अलौकिक छटा बिखेर रही है। हिन्दू एकता महाकुंभ के कार्यक्रम स्थल रानीपुर भटट पर कलश यात्रा का समापन हुआ। इससे पूर्व जैपुरिया तिराहा पर विशाल अग्रवाल के नेतृत्व में हिन्दुओं ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। कल 15 दिसंबर को मुख्य आयोजन पर संघ प्रमुख मोहन भागवत बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित होंगे और देश भर से संत-महंत और करीब पांच लाख हिंदू जुटेंगे।

आपकों बता दें कि अद्भुत और ऐतिहासिक आयोजन के लिए 20 एकड़ क्षेत्र में महाकुंभ का पंडाल सजकर तैयार हो गया है। कार्यक्रम की भव्यता के बारे में जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज ने कहा कि भगवान श्रीराम की संकल्प भूमि चित्रकूट में आयोजित होने जा रहा हिन्दू एकता महाकुंभ देश को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि चित्रकूट वह पावन भूमि है, जहां पर लिया जाने वाला हर संकल्प पूर्ण होता है। बताया कि हिन्दुओं को भगवान श्रीराम ने त्रेतायुग में एकत्र कर आसुरी शक्तियों से विजय पाई थी आज वह एक बार फिर अखंड भारत के निर्माण के लिए हिन्दूओं को एकत्रित करने जा रहे है। उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्म भूमि अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण का काम चल रहा है। काशी स्थित बाबा विश्वनाथ परिसर का भव्य विस्तार व श्रीकृष्ण जन्मभूमि के विकास ने हमारा आत्मविश्वास बढ़ाया है। जगदगुरू ने कहा कि भारत माता के मुकुट जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने से एक विधान व एक निशान की संकल्प पूर्ति के साथ हम अखंड भारत की दिशा में आगे बढे है। अभी हिंदू हित के कई मुद्दे अभी हल होने हैं।

वहीं जगदगुरू के उत्तराधिकारी आचार्य रामचंद्र दास महाराज ने बताया कि विश्व के अंदर सनातन धर्म की बढ़ती लोकप्रियता से घबरा कर हिंदू विरोधी शक्तियां हमें जाति व सम्प्रदाय में विभाजित करके दिग्भ्रमित करने का प्रयास कर रही हैं। इस कुचक्र से बचकर हम सबको एकजुट होना पडे़गा। उन्होंने कहा कि अबोध बालक-बालिकाओं को पाश्चात्य शिक्षा के नाम पर सनातन संस्कृति व संस्कार से दूर किया जा रहा है। बेटियों को लव जिहाद में फंसाकर धर्मांतरण कर शोषण किया जा रहा है। पवित्र मठ-मंदिरों का अधिग्रहण करके उनकी संपत्तियों पर कब्जे हो रहे हैं। हजारों गो-माता प्रतिदिन काटी जा रही हैं, जो रुकना चाहिए।

कलश यात्रा में कार्यक्रम के प्रधान सेवक कटनी विधायक संजय पाठक, सदगुरू सेवा संघ ट्रस्ट के निदेशक डा0बी0के0जैन,निमोही अखंडा के महंत दीन दयाल दास महाराज,भरत मंदिर के महंत दिव्य जीवन दास महाराज,रामायणी कुटी के महंत रामहृदय दास महाराज,कामदगिरि प्रमुख द्वार के संत मदन गोपाल दास महाराज,वरिष्ठ भाजपा नेता रंजना उपाध्याय,महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष दिव्या त्रिपाठी,माया देवी प्रजापति,राजेश्वरी द्विवेदी,विश्व हिन्दू महासंघ की प्रदेश मंत्री ज्योति करवरिया, साधना मिश्रा, संतोष मिश्रा, मनोज पांडेय, हिमांशु त्रिपाठी, वरिष्ठ भाजपा नेता सुनील सिंह पटेल, डा0रणवीर सिंह चौहान, व्यापारी नेता शानू गुप्ता, विनोद केशरवानी आदि हजारों लोग मौजूद रहें।

Related Articles

Back to top button