उत्तर प्रदेशलखनऊ

हुनर हाट का आयोजन: 12 से 21 नवंबर तक चलेगा, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे उद्घाटन

32वें हुनर हाट का आयोजन यूपी की राजधानी लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। 12 नवंबर से शुरु होने वाला हुनर हाट 21 नवंबर तक चलेगा। शुक्रवार को उद्घाटन केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे। इस बार हुनर हाट की थीम आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल की पर है। अवध शिल्पग्राम में लगने वाला हुनर हाट में आम जनता के लिए प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने गुरुवार को यहां प्रेसवार्ता की। 12 से 21 नवंबर तक आयोजित इस 32वें ‘हुनर हाट’ के उद्घाटन के अवसर पर यूपी के डिष्टी सीएम दिनेश शर्मा, कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, आशुतोष टंडन, सिद्धार्थ नाथ सिंह, बृजेश पाठक, नन्द गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, राज्यमंत्री स्वाति सिंह, बलदेव सिंह उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने कहा कि लखनऊ ‘हुनर हाट’ में उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, दिल्ली, नागालैंड, मणिपुर, बिहार, आंध्र प्रदेश, झारखंड, गोवा, पंजाब, लद्दाख, कर्नाटक, गुजरात, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, केरल सहित 30 से ज्यादा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 600 से ज्यादा दस्तकार, शिल्पकार, कारीगर शामिल हुए हैं। लखनऊ ‘हुनर हाट’ में हुनर के उस्ताद कारीगर अपने साथ लकड़ी, ब्रास, बांस, शीशे, कपडे, कागज़ मिटटी आदि के शानदार उत्पाद लेकर आये हैं। इसके अलावा देश के विभिन्न क्षेत्रों के पारंम्परिक पकवान भी उपलब्ध हैं।

देश के पारंपरिक पकवानों का चख सकेंगे स्वाद

हुनर हाट में आने वाले लोग जहां देश के पारंम्परिक लजीज़ पकवानों का लुत्फ़ भी उठाएंगे, वहीं देश के जाने माने कलाकारों द्वारा हर दिन प्रस्तुत किये जाने वाले विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र होंगे। हुनर हाट में प्रतिदिन शाम को जाने माने कलाकारों द्वारा आत्मनिर्भर भारत थीम पर गीत संगीत के कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रमों में प्रसिद्ध कलाकार कैलाश खेर, विनोद राठौर, शिबानी कश्यप, भूपेंद्र भुप्पी, मिर्जा सिस्टर्स, प्रेम भाटिया, रेखा राज, हमसर हयात ग्रुप, मुकेश पांचोली आदि अपने कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।

देश के विभिन्न स्थानों में आयोजित हो रहे हुनर हाट, दस्तकारों, शिल्पकारों के लिए बहुत उत्साहवर्धक और लाभदायक साबित हो रहे हैं। एक ओर जहां हुनर हाट में लाखों लोग आते हैं वहीं दूसरी ओर लोग करोड़ों रुपए की दस्तकारों, शिल्पकारों के स्वदेशी उत्पादों की जमकर खरीददारी भी करते हैं। पिछले लगभग पांच वर्ष में हुनर हाट के माध्यम से पांच लाख से ज्यादा दस्तकारों, शिल्पकारों, कारीगरों और उनसे जुड़े लोगों को रोजगार और रोजगार के अवसर उपलब्ध हुए हैं। इससे देश के कोने-कोने की शानदार जानदार पारंपरिक दस्तकारी, शिल्पकारी की विरासत को और मजबूती और पहचान मिली है।

देश के विभिन्न राज्यों के 500 उस्ताद होंगे शामिल

लखनऊ के हुनर हाट में आंध्र प्रदेश, असम, बिहार, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गोवा, गुजरात, हरियाण, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखण्ड, कर्नाटक, केरल, लद्दाख, मध्य प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, नागालैंड, ओड़िशा, पुडुचेरी, पंजाब, राजस्थान, सिक्किम, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल सहित 31 राज्यों/ केंद्र शासित प्रदेशों से हुनर के लगभग 500 उस्ताद शामिल हो रहे हैं। आने वाले दिनों में हुनर हाट का आयोजन मैसूर, जयपुर, चंडीगढ़, इंदौर, मुंबई, हैदराबाद, नई दिल्ली, रांची, कोटा, सूरत/अहमदाबाद, कोच्चि, पुडुचेरी और अन्य स्थानों पर होगा। लखनऊ में आयोजित प्रेस कांफ्रेस में केन्द्रीय अल्पसंख्यक मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने हुनर हाट के आयोजन के बारे में मीडिया को जानकारी दी।

हस्तनिर्मित स्वदेशी उत्पाद के लगेंगे स्टॉल

लखनऊ के हुनर हाट में देश के दस्तकार/शिल्पकार, अजरख, ऍप्लिक, आर्ट मेटल वेयर, बाघ प्रिंट, बाटि, बनारसी साड़ी, बंधेज, बस्तर की जड़ी बूटियां, ब्लैक पॉटरी, ब्लॉक प्रिंट, बेंतबांस के उत्पाद, चिकनकारी, कॉपर बेल, ड्राई फ्लावर्स, खादी के उत्पाद, कोटा सिल्क, लाख की चूड़ियां, लेदर, पश्मीना शाल, रामपुरी वायलिन, लकड़ी-आयरन के खिलौने, कांथा एम्ब्रोइडरी, ब्रास पीतल के प्रोडक्ट, क्रिस्टल ग्लास आइटम, चन्दन की कलाकृतियां आदि के स्वदेशी हस्तनिर्मित शानदार उत्पाद प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए ले कर आए हैं।

Related Articles

Back to top button