उत्तर प्रदेशभदोही

साक्षी महाराज के बाद राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्रा बोले, दोबारा बन सकता है कृषि कानून

कृषि कानून को लेकर भाजपा सांसद साक्षी महाराज के बाद राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्रा ने ऐसी बात कह दी है जो किसानों का आंदोलन खत्म कराने में रोड़ा बन सकता है। कलराज मिश्रा ने कानून वापस लेने के पीएम मोदी के फैसले की सराहना करते हुए यह भी कहा कि जरूरत पड़ी तो दोबारा कानून बन सकता है। इससे पहले साक्षी महाराज ने कहा था कि बिल बनते हैं, बिगड़ते और फिर वापस आ जाते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुरु पर्व के मौके पर तीनों कृषि कानून वापस लेने की घोषणा की थी। इसी को लेकर किये गए सवाल पर कलराज मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार का निर्णय सराहनीय है। कृषि कानून किसानों के हित में था। सरकार ने किसानों को समझाने की लगातार कोशिश की। फिर भी किसान आंदोलित थे और अड़े थे कि कानून वापस लिया जाए। अंत में सरकार को यह लगा कि कानून वापस ले लिया जाए। फिर आगे इस संबंध में कानून बनाने की जरुरत पड़ी तो दोबारा बनाया जाएगा। फिलहाल इसे वापस लिया जा रहा है। कलराज मिश्रा शनिवार को भदोही में मीडिया से बात कर रहे थे।

इससे पहले उन्नाव में सांसद साक्षी महाराज ने कृषि कानूनों को लेकर कहा है कि बिल बनते हैं, बिगड़ते और फिर वापस आ जाते हैं। कृषि कानून वापस लेकर पीएम ने मंच से पाकिस्तान जिंदाबाद, खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वालों के गलत मंसूबों पर पानी फेर दिया है। साक्षी ने कहा है कि पीएम ने राष्ट्र और बिल दोनों में से राष्ट्र को चुना है। अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में साक्षी महाराज ने कहा कि कानून वापस लेने के फैसले का यूपी चुनाव से कोई लेना देना नहीं है। यूपी में भाजपा तीन सौ से ज्यादा सीटें जीतेगी।

Related Articles

Back to top button