अमरोहाउत्तर प्रदेश

29 दिसंबर को अमरोहा आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, तैयारियों में जुटा प्रशासन

अमरोहा। भाजपा की जन विश्वास यात्रा के साथ 29 दिसंबर को जिले की हसनपुर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान सीएम योगी कई करोड़ रूपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को बिना अनुमति के जिला न छोड़ने के निर्देश दिए हैं।

प्रदेश भर में भाजपा की जनविश्वास यात्रा निकाली जा रही है। 29 दिसंबर को बृजघाट से यह यात्रा जिले में प्रवेश करेगी। इसके बाद हसनपुर विधानसभा क्षेत्र से होकर जनविश्वास यात्रा गुजरेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हसनपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा के लिए प्रशासन ने स्थान का चयन कर लिया है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुट गया है।

सीएम योगी जिले की हसनपुर, धनौरा व नौगांवा सादात विधानसभा क्षेत्र में कराए जा रहे कई करोड़ रूपयों की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारी परियोजनाओं के शिलापट्ट बनवा रहे हैं। वहीं दूसरी और पुलिस अधिकारियों ने भी तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर बाहर से पुलिस बल भी बुलाया जाएगा।

सीएम के आगमन के चलते 29 दिसंबर तक जिलाधिकारी ने किसी भी जिला स्तरीय अधिकारी को बिना अनुमति के जिला न छोड़ने के आदेश जारी किए हैं। जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी ने बताया कि मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। अधिकारियों को जिला न छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रभारी एवं विधायक ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण

हसनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 दिसंबर को नगर के श्रीमती सुखदेवी इंटर कॉलेज मैदान पर जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा नेताओं ने अपनी तरफ से व्यवस्थाओं का खाका खींचना शुरू कर दिया है। विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी के मुताबिक 29 दिसंबर की दोपहर जनविश्वास यात्रा नगर के श्रीमती सुखदेव इंटर कॉलेज मैदान पर पर पहुंचेगी और वहां पर जनसभा होगी।

विधायक ने बताया कि जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिरकत करेंगे। सीएम की रैली के मद्देनजर शनिवार को क्षेत्रीय महामंत्री एवं जिला प्रभारी विकास अग्रवाल, विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी, जिला अध्यक्ष ऋषिपाल नागर एवं उप जिलाधिकारी अनिल कुमार ने श्रीमती सुखदेव इंटर कॉलेज के मैदान पर पहुंचकर निरीक्षण किया। भाजपा पदाधिकारियों एवं विधायक द्वारा मैदान का निरीक्षण कर रैली की तैयारियों के विषय में विचार विमर्श किया। मुख्यमंत्री इंटर कॉलेज के मैदान पर जनसभा में आने वाले वाहनों को काफी पहले रोक दिया जाएगा। इसके लिए पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी और वीआईपी पार्किंग रैली स्थल के सामने की जाएगी। इस दौरान मयंक अग्रवाल राजपाल सैनी शिखर अग्रवाल अशोक पाल, संजय शर्मा, देश राज सैनी, ईश्वर चंद गुर्जर, चंद्रपाल भाटी, राजीव चौहान, मुदित गुर्जर, अतुल चौधरी, कृष्ण कुमार, उषा शर्मा, अमित राणा आदि मौजूद रहे।

29 दिसंबर को हसनपुर में भाजपा की जनविश्वास यात्रा आ रही है। जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। इंटर कालेज के मैदान में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। रैली की तैयारियों का जायजा लिया गया।

-विकास अग्रवाल, क्षेत्रीय महामंत्री एवं जिला प्रभारी भाजपा

Related Articles

Back to top button