उत्तर प्रदेशलखनऊ

एनसीसी कैडेटों ने गोमती रिवर फ्रंट पर मनाया नौसेना दिवस

लखनऊ। लखनऊ ग्रुप के नेवी एनसीसी कैडेट्स ने आज गोमती रिवर-फ्रंट पर सामाजिक जागरूकता रैलियों और प्रेरक संदेशों के माध्यम से नौसेना दिवस मनाया। इस वर्ष के चुने सामाजिक संदेशों में गोमती स्वच्छता अभियान एवं कोविड टीकाकरण प्रमुख थे। इसके साथ ही कैडेटों ने युवाओं व नागरिकों को भारतीय नौसेना और नौसैनिकों की महान सेवाओं के बारे में जानकारी दी। कैडेटों ने जागरूकता रैली के दौरान विशेष रूप से बनाए गए बैनर व देशभक्ति के गीतों के माध्यम से गोमती और शहर को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।

लखनऊ के नेवल कैडेटों ने इस अक्टूबर में गंगा नदी पर एक ऐतिहासिक और चुनौतीपूर्ण नौका अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया था। ग्रुप कमांडर, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय लखनऊ, ब्रिगेडियर रवि कपूर द्वारा प्रोत्साहित इस अभियान में कैडेटों ने कानपुर से प्रयागराज के बीच नदी क्षेत्रों में इसी तरह के सामाजिक जागरूकता अभियान चलाए थे।

नौसेना दिवस समारोह में भारतीय नौसैनिकों की कठिन जीवनशैली, परिश्रम व राष्ट्र समर्पण को सराहा गया। हमारे नौसैनिक देश के सामरिक, समुद्री और आर्थिक हितों की रक्षा करते हुए लगातार समुद्र में चौकसी बनाए हुए हैं। इस कार्यक्रम में राजधानी के विभिन्न कॉलेजों और स्कूलों के एसोसिएट एनसीसी अधिकारियों, नौसैनिकों, 3 (यूपी) नौसेना एनसीसी इकाई के राज्य कर्मचारियों और सीनियर एवं जूनियर डिवीजनों के कैडेटों ने हिस्सा लिया।

इस अवसर पर नौसेना एनसीसी यूनिट के कमान अधिकारी, कैप्टन (भारतीय नौसेना) नवेंदु सक्सेना ने 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान इस दिन कराची हार्बर पर भारतीय नौसेना द्वारा किए गए ऐतिहासिक हमले को याद किया। उन्होंने कहा कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में नौसेना द्वारा दिखाए गए अभिनव और साहसी अभियानों ने युद्ध के दौरान भारत की सफलता में एक प्रमुख भूमिका निभाई।

उन्होंने नौसेना के एनसीसी कैडेटों की पहल और उत्साह के लिए उनकी सराहना की और उन्हें राज्य के युवाओं के लिए रोल मॉडल बनने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कैडेटों को उच्च स्तरीय पेशेवर प्रशिक्षण प्रदान करने और नौसेना दिवस कार्यक्रम को उत्कृष्ट तरीके से आयोजित करने के लिए मुख्य प्रशिक्षक, पवन कुमार गुप्ता व उनके साथी नौसैनिकों के प्रयासों की सराहना की। समारोह में उत्कृष्ट कार्यों के लिए कैडेटों को पुरस्कार प्रदान किए गए। समारोह के अंत में कैडेटों ने पूरे जोश-खरोश के साथ एनसीसी गीत गाया।

Related Articles

Back to top button