राकेश मणि त्रिपाठी के भाजपा में शामिल होने पर हुआ स्वागत समारोह का आयोजन
लखनऊ। पूर्व न्यायिक अधिकारी राकेश मणि त्रिपाठी के द्वारा भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के उपरांत रविवार को लखनऊ स्थित एक होटल में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। गोरखपुर की चौरी चौरा विधानसभा में बहुत समय से समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय राकेश मणि त्रिपाठी की आगामी चुनाव में मजबूत दावेदारी मानी जा रही है। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में मंच संचालन डा अनीता सहगल वसुंधरा ने किया। स्वागत समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए राकेश मणि त्रिपाठी ने सभी का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि मैं भी भोजपुरी समाज से हूँ। भोजपुरी को आगे बढ़ाना ही मेरा मकसद है एवं भोजपुरी समाज को इतना आगे ले जाना चाहता हूं कि समय आने पर भोजपुरी राज्य बन जाए। उन्होंने कहा कि लोग विधायक सांसद बन जाने के बाद सब भूल जाते हैं लेकिन मैं ऐसा नहीं करूंगा। चौरी चौरा क्षेत्र के विकास पर 70 सालों में किसी ने ध्यान नहीं दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा पहली बार इस क्षेत्र पर ध्यान दिया गया। तब से वहां चौरी चौरा महोत्सव के नाम से कार्यक्रम अनवरत जारी है। उत्तर प्रदेश शिया वक्फ बोर्ड के सदस्य एवं भाजपा नेता सैय्यद फैजी ने राकेश मणि त्रिपाठी को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने पर बधाई एवं भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
धर्मेंद्र शुक्ला गोपाल राष्ट्रीय हिन्दू युवा वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सलमान खुर्शीद हिंदुत्व की बोको हरम से तुलना करते हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी हिन्दू और हिंदुत्व को अलग अलग बता रहे हैं जबकि दोनों को अलग अलग नहीं कर सकते। इस मौके पर प्रभुनाथ राय ने भोजपुरी अंदाज में अपनी बात रखते हुए कहा कि राजनीति का गुण बचपन से होता है। राकेश मणि त्रिपाठी में भी ये गुण साफ दिखाई देता है। भोजपुरी भाषा को करोड़ो लोग बोलते हैं एवं छठ पूजा भी आज पूर्वांचल से निकलकर हर तरफ होने लगी है। इस अवसर पर भाजपा नेता एवं पार्षद राजाजीपुरम शिवपाल सांवरिया, विशाल सिंह यादव भाजपा ओबीसी मोर्चा मीडिया प्रभारी महानगर लखनऊ, मीडिया सह संयोजक भाजपा महानगर लखनऊ चंद्रभूषण पांडेय, चुनाव प्रबंधन संयोजक भाजपा महानगर लखनऊ उमेश तिवारी, मण्डल उपाध्यक्ष भाजपा कमल नयन पांडेय आदि भाजपा नेता मौजूद रहे।