उत्तर प्रदेशवाराणसी

महिला हिंसा के खिलाफ सड़क पर उतरीं महिलाएं, साइकिल रैली निकाल किया प्रदर्शन

वाराणसी। निर्भया दिवस पर गुरुवार को दर्जनों महिलाएं और लड़कियां घरेलू महिला हिंसा, लैंगिक भेदभाव के खिलाफ सड़क पर उतर आई। महिलाओं ने प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर से राजातालाब तहसील तक साइकिल रैली निकाल जमकर प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश में पूर्ण शराब बिक्री की भी महिलाओं ने मांग की।

सामाजिक संस्था लोक समिति की पहल पर निकली जन आक्रोश साइकिल रैली में आराजी लाइन और सेवापुरी ब्लाॅक के दर्जनों गांव से आई महिलाएं शामिल हुईं। रैली नागेपुर के लोक समिति आश्रम से प्रारम्भ होकर, मेहदीगंज,बीरभानपुर,कचनार, राजातालाब बाजार, आराजी लाइन ब्लाॅक मुख्यालय से होते हुए तहसील पर पहुंची।

पूरे राह महिलाएं तख्ती-बैनर लिए महिला हिंसा बंद करो, छेड़खानी पर रोक लगाओ, शराब बेचना बंद करो, चुप नहीं रहना है, हिंसा नहीं सहना है, भेदभाव मिटायेंगे- नया समाज बनाएंगे आदि नारे लगाये। स्लोगन लिखे तख्ती के साथ साइकिल चलाते हुए महिलाओं ने गांव का भ्रमण किया। रैली के समापन पर महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा के लिए राष्ट्रपति को संबोधित 11 सूत्रीय मांगपत्र तहसील में उपजिलाधिकारी उदयभान सिंह को सौंपा गया।

इसके बाद निर्भया दिवस के अवसर पर आयोजित सभा में महिलाओं ने यूपी की बेटी निर्भया को श्रद्धांजलि दी। साथ ही महिला हिंसा को जड़ से मिटाने का संकल्प लिया। रैली का नेतृत्व लोक समिति संयोजक नन्दलाल मास्टर ने किया। रैली में अनीता, आशा, सोनी, सीमा,मनजीता, मधुबाला, प्रेमा, चन्द्रकला, विद्या, मैनम, प्रेमा, राजकुमारी, विनोद,पूजा, सितारा सुमन, प्रीति, नीतू, सुषमा, नन्दलाल मास्टर, अमित, बेबी, श्यामसुन्दर, विजय, रामबचन, सुनील,मुकेश और अजय पाल आदि शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button